home page

अनूपपुर: विद्युत तार चोरी के 4 आरोपी सहित खरीदार गिरफ्तार, 337 किलो तार जब्त

 | 
अनूपपुर: विद्युत तार चोरी के 4 आरोपी सहित खरीदार गिरफ्तार, 337 किलो तार जब्त


अनूपपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्र देश के अनूपपुर जिले के जैतहरी पुलिस ने 11 केवी बिजली लाइन से तार चोरी के मामले में चार आरोपिताें और एक खरीदार को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार देर रात हुई कार्रवाई में कुल 337.2 किलोग्राम एल्यूमीनियम तार जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय रामजी राठौर, 21 वर्षीय शुभम उर्फ शिवम राठौर, 22वर्षीय मनोज राठौर उर्फ नानदाउ एवं 25 वर्षीय वीरेंद्र सिंह सभी कुदराटोला क्योंटार, जैतहरी के निवासी शामिल हैं। इनके कब्जे से 35 किलोग्राम तार बरामद हुआ। इनकी निशानदेही पर खरीदार 29 वर्षीय अरविंद गुप्ता, निवासी मौहार टोला फुनगा, को भी पकड़ा गया, जिसके पास से 302 किलोग्राम तार जब्त किया गया।

जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडे ने शनिवार काे बताया कि मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की रिपोर्ट के अनुसार, 13-14 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने 33/11 केवी उपकेंद्र के चंदपुर फीडर से जुड़ी लाइन को निशाना बनाया। ग्राम टकहुली में सुल्तान सिंह गोंड के कृषि ट्रांसफार्मर को जाने वाली 11 केवी लाइन के 7 स्पान का 1.68 किलोमीटर तार काट लिया गया। इसी रात चोरों ने इसी फीडर से जुड़े महुदा छकड़िया टोला की लाइन से भी 7 स्पान का 1.68 किलोमीटर तार चुरा लिया। कुल 3.36 किलोमीटर तार चोरी होने से कंपनी को लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ था।

पुलिस ने आरोपितों पर बीएनएस की धारा 303(2) और मप्र विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सूचना के आधार पर क्योंटार गांव से चारों चोरों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे पूछताछ के बाद खरीदार अरविंद गुप्ता को भी पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इस चोरी में एक सरगना भी शामिल है, जिसकी तलाश जारी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भी खोजबीन की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला