बलरामपुर : बलंगी में मवेशी तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 2 पिकअप जब्त, 4 आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 30 मार्च (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के बलंगी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 पिकअप वाहन जब्त किए हैं और 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक इस गिरोह से जुड़े कुल 40 आरोपितों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
बलरामपुर पुलिस द्वारा आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के बलंगी थाना अंतर्गत पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसडीओपी वाड्रफनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीते देर रात घेराबंदी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में इस पूरे ऑपरेशन की लगातार निगरानी की जा रही थी, जिसके परिणामस्वरूप तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।
पुलिस ने मौके से 2 पिकअप वाहनों को जब्त किया, जिनमें अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद आज सोमवार को सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। जबकि कुछ अन्य मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। जब्त वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें ठूंस-ठूंस कर मवेशियों को भरा गया था, जिससे पशु क्रूरता के स्पष्ट प्रमाण मिले।
इस मामले में थाना बलंगी में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 11(1)(द) तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने मवेशी तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और अंतरराज्यीय स्तर पर मवेशियों की तस्करी कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

