अर्द्धनिर्मित बिल्डिंग में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला
मुरादाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। महानगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पीटीसी तिराहा के पास बनी अर्द्धनिर्मित बिल्डिंग में मंगलवार शाम को युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। वह पालिश कारीगर था और आज सुबह उसका दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया था जिसके बाद से वह गायब था।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के नया गांव पीएसी निवासी हामिद हसन (25) पालिश कारीगर और दिल्ली रोड स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था। बुजुर्ग पिता मोहम्मद शाकिर ने बताया कि उनकी तीन बेटी और चार बेटे हैं। तीन बेटी और तीन बेटों की शादी हो चुकी है जबकि मृतक चौथा बेटा हामिद हसन कुंवारा था। दो दिन पहले रविवार को हामिद के निकाह के लिए संभल से लड़की वाले देखने आए थे। उस दिन हामिद ने फैक्ट्री से छुट्टी ले रखी थी।
मंगलवार सुबह 11 के लगभग हामिद का एक दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। दोपहर को परिजनों ने खाने के लिए फोन किया तो उसका फोन नहीं उठा। दोपहर लगभग 3 बजे जब दोबारा फोन किया तो एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया और बताया कि हामिद सिविल लाइन क्षेत्र में कचहरी के पास एक मैदान में नशे की हालत में पड़ा हुआ है।
इस पर वह पत्नी के साथ हामिद को ढूंढने के लिए निकल पड़े। ढूंढते हुए वह पीटीसी तिराहे के पास गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बनी अर्द्धनिर्मित बिल्डिंग में पहुंचे जहां, हामिद हसन का शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस व फारेंसिक टीम ने वहां पर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मृतक हामिद को उसका दोस्त आज सुबह घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद से वह गायब था। शाम 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बनी अधबनी बिल्डिंग में एक हामिद का शव पड़ा है।
प्रथम दृष्टया में जांच में प्रतीत हो रहा है कि मृतक हामिद नशे का आदी था। उसकी मौत कैसे हुई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

