नवगछिया में खरना का प्रसाद खाकर लौट रहे पूर्व मुखिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग
भागलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)।
लोक आस्था के महापर्व छठ के बीच नवगछिया पुलिस जिले के कदवा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी है।
खैरपुर कदवा पंचायत के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह (55) पर शनिवार शाम पहले से घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पेट, गले, हाथ और कंधे में चार गोलियां लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पचगछिया टोला कदवा निवासी पूर्व मुखिया अजय सिंह शनिवार शाम गांव के ही सेवानिवृत्त नेवीकर्मी वकील प्रसाद मधुकर के घर से खरना का प्रसाद ग्रहण कर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही वे पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच पहुंचे, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोककर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजन के मुताबिक, पहली गोली लगते ही वे बाइक समेत अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरी खाई में जा गिरे। इसके बावजूद हमलावरों का दुस्साहस कम नहीं हुआ और उन्होंने खाई के पास उतरकर उन पर तीन और गोलियां दाग दीं।
गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख अपराधी भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहन सिंह और आशीष कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान पूर्व मुखिया को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें बेगूसराय रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस जानलेवा हमले को पुरानी आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
चर्चा है कि इस घटना के तार बीते 13 अक्टूबर को कदवा क्षेत्र में हुई ज्योतिष कुमार की हत्या से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पर्व के माहौल के बीच हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

