रायगंज में तृणमूल के पूर्व पार्षद गिरफ्तार, उगाही और मारपीट के आरोप
उत्तर दिनाजपुर, 15 मई (हि. स.)। रायगंज में मारपीट, छेड़छाड़, दुकान कब्जा और उगाही जैसे गंभीर आरोपों में तृणमूल से जुड़े पूर्व पार्षद अभिजीत साहा उर्फ बापी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद शुक्रवार सुबह गिरफ्तारी की गई।
आरोप है कि देवीनगर इलाके में एक महिला की इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर हमला कर मारपीट, तोड़फोड़ और नकदी लूट की गई। साथ ही लंबे समय से दुकान कब्जाने और उगाही की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया।
अदालत में पेश करने पर उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उन पर हत्या के प्रयास, उगाही और छेड़छाड़ समेत कई गैर-जमानती धाराएं लगाई गई है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि इलाके में लंबे समय से जबरन वसूली और दबंगई चल रही थी, लेकिन अब एक के बाद एक शिकायतें सामने आ रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

