home page

अपडेट: मुजगहन में पूर्व सरपंच के पुत्र की चाकू मारकर जघन्य हत्या

 | 
अपडेट: मुजगहन में पूर्व सरपंच के पुत्र की चाकू मारकर जघन्य हत्या


अपडेट: मुजगहन में पूर्व सरपंच के पुत्र की चाकू मारकर जघन्य हत्या


धमतरी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। दोस्त के मौत का बदला लेने पूर्व सरपंच के पुत्र व उनके साथी पर चार युवकों ने मिलकर चाकू व डंडा से रात में दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिनका उपचार जारी है। इधर पुलिस हत्या करने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि इस घटना में संलिप्त अन्य फरार आरोपितों की पतासाजी जारी है।

अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर को रात साढ़े 10 बजे ग्राम पंचायत मुजगहन के साहड़ा चौक के पास मुजगहन निवासी दीपांशु साहू 22 वर्ष पुत्र पूर्व सरपंच चंद्रशेखर साहू और विकास साहू 25 वर्ष पुत्र चंद्रहास साहू दोनों थे। तभी फनेश्वर नेताम 18 वर्ष, रितेश नेताम 22 वर्ष, लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम 20 वर्ष और नोहर यादव उर्फ काला उम्र 23 वर्ष सभी रत्नाबांधा निवासी वहां चाकू और डंडा लेकर पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर दीपांशु साहू और विकास साहू से विवाद कर गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ा तो आरोपितों ने दोनों पर डंडा व चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित वहां से भाग निकले। इधर दोनों युवक खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गए, ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल दीपांशु साहू की जिला अस्पताल धमतरी में मौत हो गई। जबकि विकास साहू घायल है, जिनका उपचार जारी है। 22 अक्टूबर की सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम के पश्चात अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया है।

घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित फनेश्वर नेताम, रितेश नेताम, लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम और नोहर यादव उर्फ काला के खिलाफ जुर्म दर्ज कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं इस प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले ग्राम पंचायत मुजगहन बायपास के पास स्थित तालाब से अमित गोस्वामी नामक युवक का शव बरामद हुआ था। वह उनका दोस्त था। इस मामले में घूरकर देखने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में पत्थर से हमला कर अमित की हत्या किए जाने का आरोप मृतक दीपांशु साहू और विकास साहू पर लगा था। इस आरोप में पुलिस ने दोनों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया था, बाद में न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद दोनों जेल से बाहर निकल गए थे। चर्चा है कि दोनों जमानत पर चल रहे थे। आरोपितों ने बताया कि मृतक दोस्त का बदला लेने इस घटना को अंजाम दिए है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा