पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर हमले के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार
जयपुर/भरतपुर। , 13 अक्टूबर (हि.स.)। भरतपुर जिले के बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर खनन पट्टे पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त किया है। मामले में अन्य आरोपिताें की भूमिका और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।
भरतपुर पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे की जांच के बाद चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान भागमल, सोनीराम, शेर सिंह और कुंवर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। सीओ नीरज भारद्वाज के अनुसार, मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
कमलेश भड़ाना की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे भौड़ा गांव स्थित खनन पट्टे पर लगभग 80 लोग पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना को घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक को बचाने के लिए आगे आए कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के साथ भी मारपीट की गई। घटनास्थल पर कार्यालय और कमरों में आग लगाने तथा क्रेशर मशीनों में तोड़फोड़ करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
कमलेश भड़ाना ने शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने पति को हमलावरों से बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। रिपोर्ट में खनन पट्टे पर अफरा-तफरी मचने और कर्मचारियों तथा सुरक्षा गार्डों को निशाना बनाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
इस मामले में शिकायत के आधार पर करीब 32 लोगों को नामजद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने पहले करीब 16 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की बात कही थी। अब चार आरोपिताें की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

