सोलर लाइट के फर्जी टेंडर से करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, जेल में बंद मालबाजार के पूर्व चेयरमैन स्वपन साहा की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
जलपाईगुड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी केंद्रीय सुधार गृह में बंद मालबाजार नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन स्वपन साहा एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। फर्जी टेंडर के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने उन्हें इस मामले में शोन अरेस्ट करने के लिए अदालत का रुख किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी के एक ठेकेदार की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कदम उठाया है। शिकायतकर्ता ठेकेदार का आरोप है कि स्वपन साहा के नगरपालिका चेयरमैन रहने के दौरान अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर मालबाजार शहर में सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए एक कथित फर्जी सरकारी टेंडर जारी किया गया था। आरोप है कि इस काम के लिए किसी प्रकार की सरकारी मंजूरी नहीं ली गई थी।
ठेकेदार के मुताबिक, काम काफी आगे बढ़ने के बाद उन्हें इस कथित अनियमितता की जानकारी मिली। हालांकि, काम के एवज में कुछ राशि का भुगतान किया गया, लेकिन अभी भी करीब तीन करोड़ 92 लाख रुपये बकाया हैं। इसके बाद ठेकेदार ने धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान का आरोप लगाते हुए मालबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में जांच अधिकारी ने स्वपन साहा को शोन अरेस्ट करने की अनुमति मांगते हुए जलपाईगुड़ी के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अदालत में आवेदन किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को उन्हें सुधार गृह से अदालत में पेश कर शोन अरेस्ट और पुलिस हिरासत में लेने की मांग की जाएगी। पुलिस मामले की जांच के लिए उन्हें मालबाजार थाने लाकर पूछताछ करना चाहती है।
गौरतलब है कि कभी सत्ताधारी दल के प्रभावशाली नेता माने जाने वाले स्वपन साहा पर नगरपालिका चेयरमैन रहते हुए कई वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें चेयरमैन पद से हटाने के साथ ही पार्टी से निलंबित कर दिया था। विभिन्न मामलों में पिछले जुलाई महीने में स्वपन साहा समेत नगरपालिका के कर्मचारियों और अन्य लोगों को मिलाकर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
हालांकि, एक मामले में उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन कालिम्पोंग थाने में दर्ज फर्जी जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़े मामले में उन्हें अब तक जमानत नहीं मिली है। इसी वजह से वह फिलहाल जलपाईगुड़ी केंद्रीय सुधार गृह में बंद हैं। अब करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी के नए मामले ने उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
इस बीच, मालबाजार के भाजपा टाउन मंडल अध्यक्ष नवीन साहा ने दावा किया है कि तत्कालीन नगरपालिका बोर्ड के कई अन्य सदस्य भी इस कथित भ्रष्टाचार में शामिल थे। उन्होंने मांग की है कि केवल स्वपन साहा ही नहीं, बल्कि इस मामले में शामिल सभी लोगों को कानून के दायरे में लाकर कार्रवाई की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

