नदी किनारे मरणासन्न हालत में मिला पूर्व डीआईजी का भतीजा, इलाज के दौरान मौत
मृतका की पत्नी ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराईमृतक पूर्व डीआईजी का था भतीजा
हमीरपुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले कें कुरारा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत पतारा के मजरा केवटरा गांव में बेतवा नदी किनारे खेरापति मंदिर के पास मरणासन्न हालत में युवक पड़ा मिला। जानकारी होने पर परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गए। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया था। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को मृतक के चाचा पूर्व डीआईजी मैयादीन कर्णधार के नेतृत्व में मृतक की पत्नी व आधा सैकड़ा महिलाओं पुरुषों ने थाने पहुंच कर तीन नामजद आरोपियों व अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा ग्राम पंचायत के मजरा केवटरा गांव निवासी सरजू प्रसाद (35) की पत्नी गुड्डो ने थाने में दी तहरीर में बताया की पति घर में सो रहे थे। तभी गांव का राजा बाबू पुत्र छिद्दू उर्फ छेदालाल बुलाने आया था। इसके बाद पति घर से चले गए। वहीं जब सुबह तक घर नहीं लौटे तो खोजबीन की तो गांव के पास नदी के किनारे खेरापति मंदिर के पास मरणासन्न की स्थिति में गंभीर रूप से घायल पड़े मिले। जिनको उपचार के लिए आनन फानन जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत में सुधार न होते देख कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया। वहीं कानपुर हैलट में उपचार के दौरान सरजू की मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो पुत्र व एक पुत्री छोड़ गया है। इस घटना से पत्नी व बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार को मृतक के चाचा पूर्व डीआईजी मैयादीन कर्णधार आधा सैकड़ा पुरुष महिलाओं के साथ थाने पहुंचे। जहां उन्होंने जांच कर आरोपियों को पकड़ने व उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम आसरे सरोज ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन आरोपित राजा बाबू पुत्र छिद्दू उर्फ छेदालाल, सीताराम पुत्र मनफूल निवासी केवटरा , बब्बू यादव पुत्र तुलसी राम निवासी नैठी व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
गांव के अंदर से मौरंग ले जाने को लेकर हुई थी बहसमृतक की पत्नी गुड्डो ने बताया कि कुछ माह पूर्व मौरंग माफियाओं से पति द्वारा गांव के अंदर से मौरंग ले जाने को लेकर बहस हुई थी। तब से मौरंग माफिया पति से बौखलाए हुए थे और मौके की तलाश में थे। मौका पाते ही उन्होंने पति को मरणासन्न की स्थिति में फेंक कर भाग गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

