मूकबधिर नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो पिता को भेजा, पूर्व सेंटर इंचार्ज गिरफ्तार
कानपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। काकादेव स्थित पुनर्वास केंद्र में पढ़ने वाली मूकबधिर नाबालिग छात्रा से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो उसके पिता के मोबाइल पर भेजने के मामले में पुलिस ने पूर्व सेंटर इंचार्ज को गिरफ्तार किया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वीडियो एक साल से अधिक पुराना बताया जा रहा है।
मामला तब सामने आया, जब छात्रा के पिता के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से आपत्तिजनक वीडियो भेजा गया। वीडियो देखकर परिजन परेशान हो गए और पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। पुलिस ने संबंधित पुनर्वास केंद्र पहुंचकर पूछताछ की और वीडियो भेजने वाले नंबर की पड़ताल की।
जांच में सामने आया कि वीडियो भेजने के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति पहले इसी पुनर्वास केंद्र में इंचार्ज के पद पर तैनात था। उसे विभिन्न आरोपों के चलते मई में केंद्र से हटा दिया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास वीडियो पहले से मौजूद था। उसने बीती रात इसे छात्रा के पिता के मोबाइल पर भेजा। आशंका जताई जा रही है कि केंद्र को बदनाम करने के उद्देश्य से वीडियो भेजा गया था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
दूसरे व्यक्ति के खिलाफ भी मुकदमा
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि शिकायत मिलने के बाद काकादेव थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई और वीडियो भेजने के आरोप में पूर्व सेंटर इंचार्ज को गिरफ्तार कर लिया गया। वीडियो में दिखाई देने वाले दूसरे पुरुष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। वह भी दिव्यांग बताया गया है।
पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

