home page

नौकरी का झांसा देकर बेरोजगार से ठगे 15 लाख रुपये, आरोपित गिरफ्तार

 | 
नौकरी का झांसा देकर बेरोजगार से ठगे 15 लाख रुपये, आरोपित गिरफ्तार


कूटरचित नियुक्ति पत्र थमाया

बांदा, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार से 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले वांछित आरोपित को शुक्रवार को मटौंध थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए इंटर कॉलेज में बाबू के पद पर नियुक्ति का कूटरचित पत्र भी दिया था। पुलिस ने आरोपित को खैराड़ा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।

कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी जितेंद्र कुमार ने 5 दिसंबर 2025 को मटौंध थाने में तहरीर देकर बताया था कि मटौंध क्षेत्र के अछरौड़ गांव निवासी विनोद कुमार ने उसे इंटर कॉलेज में बाबू के पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने उससे 15 लाख रुपये ले लिए और भरोसा दिलाने के लिए कूटरचित नियुक्ति पत्र थमा दिया। इसके बाद उसे बांदा स्थित कॉलेज में जाकर नौकरी ज्वाइन करने के लिए कहा गया।

पीड़ित जब नियुक्ति पत्र लेकर कॉलेज पहुंचा तो वहां बाबू के पद पर ऐसी किसी नियुक्ति की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उसने आरोपी से 15 लाख रुपये वापस मांगे तो उसने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में मटौंध थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी:

पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर 2026 को मटौंध थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त विनोद कुमार पुत्र बाबू निवासी अछरौड़, थाना मटौंध को खैराड़ा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि कूटरचित नियुक्ति पत्र देकर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को थाना मटौंध पुलिस द्वारा किया गया गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह