रायपुर : विदेशी मुद्रा व्यापार में मुनाफे का झांसा देकर 74 लाख की ठगी, राजस्थान से दो अंतर्राज्यीय आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 8 जुलाई (हि. स.)। विदेशी मुद्रा व्यापार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपितों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि, 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने गूगल पर विदेशी मुद्रा व्यापार सर्च किया। इसके बाद उनका मोबाइल नंबर फ़र्स्टिफ़ाई नाम के टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया। ग्रुप के सदस्यों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे और उनके भतीजे से अलग-अलग किश्तों में कुल 74 लाख रुपये निवेश करवा लिए। रकम लेने के बाद न तो कोई लाभ दिया गया और न ही पैसा लौटाया गया।
मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाने में बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, टेलीग्राम आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच में आरोपितों की लोकेशन राजस्थान में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकेश कुमार मीणा (26वर्ष ) निवासी जयपुर और संदीप कुमार (24वर्ष ) निवासी सीकर, राजस्थान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया है।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि, इस साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

