मुरैना फॉरेस्ट चौकी पर बेकाबू ट्रक: रेत चेकिंग कर रहे वनकर्मियों पर चढ़ाया, एक घायल
- धौलपुर से मुरैना आ रहे ट्रक का बिगड़ा संतुलन, डिवाइडर पर चढक़र चौकी में घुसा
मुरैना, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध रेत परिवहन रोकने की कार्रवाई कर रहे वन कर्मचारियों पर अचानक एक ट्रक चालक ने ट्रक चढ़ा दिया। हादसे में वनकर्मी बाल-बाल बचे, लेकिन एक कर्मचारी घायल हो गया। घटना मुरैना स्थित फॉरेस्ट चौकी की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक धौलपुर की तरफ से मुरैना आ रहा था। फॉरेस्ट चौकी पर वन विभाग की टीम अवैध रेत परिवहन के खिलाफ जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रक डिवाइडर पर चढक़र सीधे फॉरेस्ट चौकी में घुस गया। ट्रक की रफ्तार देखकर चौकी पर मौजूद वनकर्मी इधर-उधर भागे। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, हालांकि एक वनकर्मी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक में रेत भरी हुई थी। चालक ने रोकने का इशारा देखकर घबराहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इसके बाद ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर फांद गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। घायल वनकर्मी का इलाज जारी है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

