पन्ना : वन चौकी के कमरे में फंदे पर लटका मिला वनकर्मी, मौत
पन्ना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सलेहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत वन चौकी कुटमी खुर्द में पदस्थ वनकर्मी देवेन्द्र सिंह तोमर उर्फ लवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम नयागांव निवासी अनुराग शुक्ला (33) खेती-किसानी के साथ वाहन चलाने का काम करता है। उसके घर के पास वन विभाग का कार्यालय होने के कारण उसका वहां आना-जाना रहता था। इसी दौरान पिछले दो-तीन वर्षों से उसकी पहचान देवेन्द्र सिंह तोमर से हो गई थी। अनुराग कई बार देवेन्द्र और उनके परिवार के सदस्यों को वाहन से घर तक छोड़ने भी गया था।
अनुराग ने पुलिस को बताया कि 20 अक्टूबर को शाम करीब 4:25 बजे वह ग्राम नयागांव, कल्दा स्थित अपने घर पर था। इसी दौरान देवेन्द्र सिंह तोमर की पत्नी प्रतीक्षा तोमर का उसके मोबाइल पर फोन आया। उन्होंने बताया कि देवेन्द्र ने वन चौकी कुटमी खुर्द स्थित अपने कमरे में फांसी लगा ली है। उन्होंने अनुराग से तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाने की अपील की।
सूचना मिलने पर अनुराग वन चौकी पहुंचा। वहां देवेन्द्र के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने धक्का देकर दरवाजा खोला तो देवेन्द्र कमरे की छत में लगे पंखे के कुंदे से नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे पर लटके मिले। उनकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद अनुराग ने चौकीदार और वन विभाग कार्यालय को घटना की सूचना दी। मृतक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी फरियादी को नहीं है। परिजनों को सूचना देने के बाद अनुराग रिपोर्ट दर्ज कराने सलेहा थाने पहुंचा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

