home page

अपडेट : जंगल से सागौन लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी ने वन रक्षक पर किया हमला, दोनों गिरफ्तार

 | 
अपडेट : जंगल से सागौन लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी ने वन रक्षक पर किया हमला, दोनों गिरफ्तार


बलरामपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जंगल से सागवान की लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी को रोकना वन रक्षक को भारी पड़ गया। लकड़ी लेकर जा रहे दोनों ने पहले वन रक्षक से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सिर पर रखे सागौन के लट्ठे को वन रक्षक पर पटककर हमला कर दिया। घटना में वन रक्षक के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आज मंगलवार सुबह करीब 5.45 बजे रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में पदस्थ वन रक्षक पिंटू मालाकार ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्होंने वन वाटिका के पास एक महिला और पुरुष को जंगल की ओर से सागौन का लट्ठा लेकर आते देखा। संदेह होने पर उन्होंने दोनों को रोककर पूछताछ शुरू की।

पुलिस का कहना है कि, पूछताछ के दौरान दोनों ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने रास्ते से हट जाने के लिए धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर दोनों ने सागौन का लट्ठा वन रक्षक के ऊपर पटक दिया और उसके साथ मारपीट की। हमले में पिंटू मालाकार के सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी की रिपोर्ट पर रामानुजगंज थाने में अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने मामले में वार्ड 15 रामानुजगंज निवासी मनोज भुईया (32) और उसकी पत्नी मानमती भुईया (30) को आज गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय