home page

वन विभाग की कार्रवाई में सागौन लकड़ी व फर्नीचर जब्त

 | 
वन विभाग की कार्रवाई में सागौन लकड़ी व फर्नीचर जब्त


सिलीगुड़ी, 26 फरवरी (हि.स)। सिलीगुड़ी शहर से सटे इलाके में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। दार्जिलिंग वाइल्डलाइफ डिवीजन के सुकना रेंज की टीम ने प्रधाननगर थाना अंतर्गत सालबाड़ी इलाके में छापेमारी कर करीब छह लाख रुपये मूल्य की अवैध सागौन लकड़ी और फर्नीचर बरामद किया है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, सुकना रेंज के ऑफिसर दीपक रसाइली को सूचना मिली थी कि सालबाड़ी के कुछ घरों में अवैध रूप से लकड़ी जमा कर फर्नीचर तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर बुधवार रात को टीम ने सालबाड़ी निवासी मानिक विश्वास और भजन राय के घर पर अचानक छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कीमती सागौन लकड़ी और महंगे फर्नीचर बरामद हुए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त की गई लकड़ी और फर्नीचर को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। वन विभाग आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा लकड़ी कहां से लाई गई थी।

रेंज ऑफिसर दीपक रसाइली ने बताया कि जंगल की बहुमूल्य संपदा की चोरी और तस्करी रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। मामले में वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार