home page

बलरामपुर : अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वाहन सहित साल लट्ठा जब्त

 | 
बलरामपुर : अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वाहन सहित साल लट्ठा जब्त


बलरामपुर, 12 मई (हि.स.)। वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी बलरामपुर अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वनपरिक्षेत्र बलरामपुर की टीम ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

वन विभाग के द्वारा आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 11 मई 2026 को वनपरिक्षेत्र बलरामपुर के सर्किल मानिकपुर, बीट मानिकपुर अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक आर.एफ. 3511 वनखंड मानपुर से अवैध रूप से साल प्रजाति के लट्ठों का परिवहन किया जा रहा था। इस दौरान वन विभाग की टीम ने पिकअप वाहन क्रमांक UP64T9601 को पकड़कर उसमें लोड साल प्रजाति के आठ लट्ठा, कुल 1.915 घनमीटर लकड़ी जब्त की।

मामले में विष्णु गुप्ता पिता स्व. दशरथ गुप्ता एवं सर्वोत्तम गुप्ता पिता विष्णु गुप्ता, निवासी ग्राम बानापती थाना रामानुजगंज जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को आरोपित बनाया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21979/12 दिनांक 11.05.2026 दर्ज कर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41, धारा 52 एवं छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग ने दोनों आरोपितों को आज गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया है।

इस कार्रवाई के दौरान वनपरिक्षेत्राधिकारी बलरामपुर निखिल सक्सेना, वनपाल धनश्याम शर्मा, प्रहलाद तिवारी, वनरक्षक अजीत कुजूर, शिवशंकर सिंह, देवीलाल, राजेश राम, संजीव सिंह एवं सरेन्द्र सिंह ओईके उपस्थित रहे। टीम ने मौके पर नियमानुसार जब्ती एवं अन्य कार्रवाई पूरी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय