उदयपुर में विदेशी महिला यूट्यूबर से अभद्रता, मामला वायरल होते ही आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। राजस्थान के उदयपुर में एक विदेशी महिला यूट्यूबर के साथ सरेआम अभद्रता और 'लिप किस' मांगने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थी, जिससे पर्यटन नगरी की संस्कृति पर भी सवाल उठने लगे थे।
पुलिस के अनुसार, थाई-फ्रांसीसी मूल की महिला यूट्यूबर इन दिनों भारत भ्रमण पर है। तीन दिन पहले 13 नवंबर को वह टाउनहॉल स्थित नगर निगम के मेले में रिकॉर्डिंग कर रही थी। इस दौरान उसने उदयपुर घूमने के लिए सेक्टर-11 महाराज का अखाड़ा निवासी ऑटो चालक आफताब उर्फ गबरू पुत्र अबरार खान का ऑटो किराए पर लिया था। मेले के दौरान आरोपी चालक ने युवती के पास आकर उससे 'लिप किस' की डिमांड की और अभद्रता की। यह पूरी घटना युवती के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई, जिसे उसने 14 नवंबर को अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर की। युवती के 70 हजार फॉलोअर्स हैं।
मामला तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद सूरजपोल थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी टेम्पो चालक आफताब को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

