वन स्टॉप सेंटर से ग़ायब विदेशी महिला बरामद,डिपोर्ट करने की तैयारी
रायबरेली,12अक्टूबर(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में वन स्टॉप सेंटर से गायब विदेशी महिला को आखिरकार ढूंढ निकाला गया है।रविवार देर रात उसे शहर के बाहरी इलाके मुंशीगंज से बरामद किया गया है। इस घटना से वन स्टॉप सेंटर की भारी लापरवाही उजागर हुई है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला को डिपोर्ट करने की तैयारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि ज़िले के सलोन कस्बे से उज्बेकिस्तान की महिला मदीना खां निशेनो को बिना वैध वीजा के रहने पर गिरफ्तार किया गया था। महिला के साथ उसके भारतीय दोस्त को भी पकड़ा गया है।उज्बेकिस्तान की महिला को वन स्टॉप सेंटर पर रखा गया था।शनिवार को महिला वन स्टॉप सेंटर से अचानक गायब हो गई,जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस टीम लगातार महिला को खोज रही थी,जिसे रविवार की देर रात मुंशीगंज कस्बे के पास से बरामद कर लिया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी के अनुसार वन स्टॉप सेंटर द्वारा लापरवाही की जांच की जा रही है,सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं।
गौरतलब है कि सलोन कस्बे में रह रही उज्बेकिस्तान की महिला मदीना खां निशेनो को 23 अक्टूबर को आव्रजन व विदेशी अधिनियम 2025 के तहत गिरफ़्तार किया गया था।महिला 23 अक्टूबर 2025 को वीजा समाप्त होने के बाद भी रह रही थी। इसके साथ ही राशिद उर्फ समीर को जाली दस्तावेज तैयार कर महिला को रखने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस उपाधीक्षक आशीष निगम के अनुसार विदेशी महिला को वन स्टॉप सेंटर में पहुंचा दिया गया है,उसे डिपोर्ट करने की प्रक्रिया की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

