छग : विदेशी विद्यार्थियों को 30 दिन में सुरक्षित हॉस्टल में शिफ्ट करने के निर्देश
- कलेक्टर-एसपी ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ की बैठक, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्ती
रायपुर, 21 सितंबर (हि. स.)। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आज सोमवार को विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में विदेशी विद्यार्थियों के सुरक्षित आवास, निगरानी, काउंसलिंग और प्रशासन-पुलिस के साथ समन्वय को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि, विश्वविद्यालय एवं कॉलेज परिसर से बाहर निजी मकानों, पीजी या अन्य स्थानों पर रहने वाले विदेशी विद्यार्थियों को 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान द्वारा उपलब्ध या संस्थान से संबद्ध सुरक्षित छात्रावास में स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए। इसके लिए संस्थानों को विद्यार्थियों की सुविधा और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
राष्ट्रीयता के आधार पर नहीं होगी कार्रवाई
बैठक में स्पष्ट किया गया कि, किसी विद्यार्थी के खिलाफ उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, कानून का उल्लंघन करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। संभावित अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए संस्थानों को निगरानी, काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों का रिकॉर्ड अपडेट रखने पर जोर
सभी संस्थानों को विदेशी विद्यार्थियों की अद्यतन एवं सत्यापित जानकारी रखने तथा जरूरत के अनुसार जिला प्रशासन और पुलिस के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए। रिकॉर्ड में विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश स्थिति, आवास और संपर्क संबंधी जानकारी शामिल होगी।
विश्वविद्यालयों को नियमित ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित कर विदेशी विद्यार्थियों को भारतीय कानून, स्थानीय रीति-रिवाज, सार्वजनिक आचरण, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा और नशीले पदार्थों सहित कानून-विरोधी गतिविधियों से बचाव की जानकारी देने को कहा गया। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग और संवेदनशील व्यवहार की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

