home page

पंजाब से तस्करी कर ट्रक से बिहार जा रही 60 लाख की अवैध शराब बरामद, चालक हिरासत में

 | 
पंजाब से तस्करी कर ट्रक से बिहार जा रही 60 लाख की अवैध शराब बरामद, चालक हिरासत में


नोएडा, 18 मार्च (हि.स.)। गौतम बुद्ध नगर जिले के आबकारी विभाग ने बुधवार तड़के एक सूचना के आधार पर पंजाब से तस्करी कर बिहार प्रांत में बेचने के लिए ले जाई जा रही करीब 60 लाख रुपये कीमत की 570 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया है। अवैध शराब के साथ एक आरोपित को पकड़ा गया है, जिससे पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि इस गैंग के लोग काफी दिनों से अवैध रूप से शराब तस्करी में संलिप्त हैं।

गौतम बुद्ध नगर जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज तड़के एक सूचना के आधार पर मेरठ और गौतम बुद्ध नगर की आबकारी टीम ने संयुक्त अभियान के तहत लोहारली टोल के पास से एक ट्रक को कब्जे में लिया। तलाशी में थर्मोकोल की बोरियों के पीछे छुपाकर रखी पंजाब प्रांत की 570 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रूपये है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसमें उसने बताया कि वो बरामद अवैध शराब बिहार प्रांत में बेचने के लिए ले जा रहा था। बिहार प्रांत में मदिरा बिक्री के लिए प्रतिबंधित है। इस बात का फायदा उठाकर शराब माफिया सस्ती दर में पंजाब से शराब खरीद कर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचते हैं। पूछताछ के दौरान आबकारी विभाग को यह भी पता चला है कि ट्रक मालिक और ड्राइवर एक सुनियोजित तरीके से शराब तस्करी के इस गोरखधंधे को करते हैं। ये लोग कुछ दूर तक ट्रक चलाने के बाद उसे खड़ा कर देते हैं, फिर दूसरा ड्राइवर आता है जो ट्रक को लेकर आगे जाता है। इसी तरह से पंजाब से बिहार पहुंचने तक कई बार ट्रक चालक और वाहन भी बदल जाते हैं ताकि गिरफ्त में ना आए।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जानकारी में यह भी आया है कि तस्करी के शराब को ढो रहे वाहनों के आगे पीछे लोग चलते हैं तथा उन्हें पायलट करते हुए अधिकारियों की चेकिंग की सूचना उपलब्ध कराते हैं। अगर कहीं चेकिंग हो रही होती तो वाहनों को रोक दिया जाता है, या किसी और रास्ते से निकाल लिया जाता है। मामले में अन्य जानकारी करते हुए कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी