लाखों की विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 05 अगस्त (हि. स.)। बिहार में तस्करी से पहले प्रधाननगर थाने की पुलिस ने सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित एक लॉज में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान भास्कर कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लॉज में एक युवक भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ है और जल्द ही उसे बिहार भेजने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात प्रधाननगर थाना की पुलिस टीम ने लॉज में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक कमरे से भास्कर कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके दो ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह बरामद शराब को बिहार ले जाने वाला था।
पुलिस के अनुसार जब्त विदेशी शराब की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पुलिस बुधवार को आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

