चारपहिया वाहन से 231.12 लीटर विदेशी शराब जब्त, समस्तीपुर के दो तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले की रोशना थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महानंदा चेक पोस्ट के पास से एक चारपहिया वाहन से 231.12 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने बंगाल की ओर से शराब की खेप लेकर आ रहे समस्तीपुर जिले के दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त चारपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, रोशना थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन में सवार होकर दो व्यक्ति बंगाल की दिशा से शराब की बड़ी खेप ला रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस बल के साथ महानंदा चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस को देखकर वाहन सवार दोनों युवक गाड़ी छोड़कर भागने लगे, जिन्हें मुस्तैद पुलिस बल के सहयोग से खदेड़कर पकड़ लिया गया।
वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें से कुल 231.12 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों की पहचान समस्तीपुर जिले के सारा रंजन थाना क्षेत्र के मणिका निवासी 25 वर्षीय राजेश पासवान (पिता सुधीर पासवान) और गंगा सारा निवासी 19 वर्षीय मिथुन गिरी (पिता स्व० दुखन गिरी) के रूप में हुई है। रोशना पुलिस ने शराब व वाहन को जब्त कर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कांड दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

