वाहन जांच के क्रम में ट्रक पर लोड 1911 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अररिया 10 जुलाई(हि.स.)।
जिले की जोकीहाट थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक ट्रक से 1911 लीटर विदेशी शराब बरामद की।मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने शुक्रवारा को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।उन्होंने बताया कि एसपी जितेन्द्र कुमार के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चिन्हित हॉटस्पॉट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जोकीहाट थाना पुलिस ने बोरिया डायवर्सन, एनएच-327ई के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच के लिए इशारा किया।
ट्रक रुकते ही उसमें सवार दो व्यक्ति उतरकर भागने का प्रयास करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।पूछताछ के बाद जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी गई कुल 1911 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब बरामद होने के बाद जोकीहाट थाना में कांड संख्या 291/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विश्वजीत मंडल और ननटू मंडल के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी डिलीवरी किस स्थान पर होनी थी।शराब तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है।एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर ने पुलिस के पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है,जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

