कटिहार: महारानी मोड़ के पास कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले की बरारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर महारानी मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाकर एक कार से 252 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से शराब की खेप लेकर आ रहे एक तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान काढ़ागोला के उचला चौक निवासी राकेश रंजन (25) के रूप में हुई है।
बरारी थानाध्यक्ष को बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर पश्चिम बंगाल की सीमा से कार में शराब की बड़ी खेप लोड कर इलाके में खपाने के लिए ला रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महारानी मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
जांच के क्रम में जैसे ही संदिग्ध कार महारानी मोड़ के समीप पहुंची, पुलिस को सामने देख चालक गाड़ी मोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और चालक को भागने के प्रयास में धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश रंजन, पिता रामेश्वर झा (निवासी- उचला चौक, काढ़ागोला, थाना बरारी) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 252 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद शराब और कार को जब्त कर लिया है। बरारी थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों का भी पता लगा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

