शालीमार स्टेशन पर 23.63 लाख की विदेशी मुद्रा बरामद
हावड़ा, 09 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान शालीमार रेलवे स्टेशन पर बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा बरामद की गई है। इस संबंध में गुरुवार शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को शाम 4:30 बजे से शालीमार रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपीएस शालीमार द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। शाम करीब 4:50 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-दो (संत्रागाछी छोर) के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में काले रंग का बैग लेकर घूमता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन आरपीएफ कर्मियों ने उसे तुरंत घेरकर पकड़ लिया।तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में विदेशी और भारतीय मुद्रा बरामद हुई। बरामद मुद्रा में एक हजार यूरो (पांच नोट), 1900 यूरो (19 नोट), 500 यूरो (10 नोट), 20 हजार अमेरिकी डॉलर (200 नोट), 1350 अमेरिकी डॉलर (27 नोट), नेपाली मुद्रा 13 हजार 500 रुपये तथा भारतीय मुद्रा 14 हजार रुपये शामिल हैं। बरामद कुल राशि का मूल्य लगभग 23 लाख 63 हजार 865 रुपये आंका गया है।
पूछताछ के दौरान व्यक्ति उक्त राशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने अपनी पहचान इंद्र बहादुर कटुवाल (41), नेपाल के सिंधुपालचोक जिले का निवासी बताया।
इसके बाद बरामद मुद्रा और उसका ड्राइविंग लाइसेंस शालीमार जीआरपी के एएसआई प्रशांत पाखिरा ने मौके पर जब्त कर लिया। इस संबंध में शालीमार जीआरपी थाने में मामला संख्या 20/26 दिनांक 08.04.2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(दो) और 317(दो) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

