home page

उधारी रकम की जबरन वसूली के लिए घर में घुसकर मारपीट, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
उधारी रकम की जबरन वसूली के लिए घर में घुसकर मारपीट, तीन आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़, 14 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में गुण्डा तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने उधारी रकम की जबरन वसूली के लिए घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी एवं उसके दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

उधारी रकम की वसूली के नाम पर घर में घुसकर मारपीट

मामले में आशीर्वाद पूरम कॉलोनी रायगढ़ निवासी कमलेश सिंह उम्र 52 वर्ष द्वारा दिनांक 13.06.2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है। प्रार्थी ने बताया कि कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का लगभग 07 लाख रुपये भुगतान आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पिछले करीब तीन वर्षों से नहीं कर पाया है।

प्रार्थी के अनुसार, बीते 11.06.2026 की दोपहर गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी अपने हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर अपने साथी मनीष परियानी एवं गिरीश माखीजा के साथ उसके घर में जबरन घुस आया। आरोपित ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि “तू हम लोगों को नहीं जानता है, तेरा मर्डर करवा देंगे।” इसके बाद ललेश अग्रवाल का पैसा वापस करने की बात कहते हुए पीड़ित से 10 लाख रुपये की मांग की गई तथा हाथ-मुक्के और डंडे से उसकी मारपीट की गई।

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 315/2026 के तहत धारा 351(3), 115(2), 331(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी की गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

कोतवाली पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी गिरीश माखीजा एवं मनीष परियानी के घटना में शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपित ने अपराध स्वीकार किया, जिन्हें आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान