home page

नवादा हिसुआ के पांचूगढ़ में युवक हत्याकांड में हाईटेक जांच

 | 
नवादा हिसुआ के पांचूगढ़ में युवक हत्याकांड में हाईटेक जांच


नवादा,03 सितंबर (हि.स.)। जिले के हिसुआ प्रखंड अंतर्गत पांचूगढ़ गांव निवासी प्रणव कुमार उर्फ पीयूष हत्याकांड मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से हर पहलू की जांच की।

बताया जा रहा है कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगर प्रिंट, कपड़े और अन्य अहम साक्ष्यों को एकत्रित किया है।

टीम ने आधुनिक तकनीक से क्राइम सीन की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की। टीम करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर रही और एक-एक बिंदु को बारीकी से खंगाला। जुटाए गए साक्ष्यों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा, जिससे हत्या में इस्तेमाल हथियार और अपराधियों के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

इस दौरान स्थानीय थाने की पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

उल्लेखनीय है कि प्रणव कुमार उर्फ पीयूष की हत्या से इलाके में सनसनी फैली हुई है। परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन