home page

नाले पर बना फुटओवर ब्रिज टूटा, महिला की मौत

 | 
नाले पर बना फुटओवर ब्रिज टूटा, महिला की मौत


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तरी जिले के रूप नगर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब नाले के ऊपर बना फुटओवर ब्रिज अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में एक महिला नाले में जा गिरी, जिसकी बाद में मौत हो गई।

घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

दिल्ली बोट क्लब की टीम ने करीब एक घंटे तक अभियान चलाकर महिला को नाले से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया गया।

बोट क्लब इंचार्ज हरीश कुमार के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि फुटओवर ब्रिज के टूटने के कारण महिला सीधे नाले में गिर गई थी। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

उनका कहना है कि पुल काफी समय से जर्जर हालत में था और इसकी मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में लापरवाही से मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पुल की देखरेख के लिए जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों की भूमिका क्या रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी