home page

मुठभेड़ में पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर का निकाला गया पैदल जुलूस

 | 
मुठभेड़ में पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर का निकाला गया पैदल जुलूस


कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश मेंं कानपुर नगर के चकेरी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर और बिच्छू गैंग के सरगना गौरव जैन को पुलिस ने मंगलवार दोपहर कड़ी सुरक्षा के बीच पैदल रूट मार्च कराया। हाल ही में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए गौरव जैन को उन स्थानों पर ले जाया गया, जहां उसने कथित रूप से आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया था। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थलों का सत्यापन भी कराया।

पुलिस के अनुसार, गौरव जैन हत्या के प्रयास समेत करीब 12 गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमों में वांछित चल रहा था। सोमवार देर रात चकेरी पुलिस से उसकी मुठभेड़ हुई थी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद मंगलवार को न्यायिक प्रक्रिया के तहत घटनास्थलों पर ले जाया गया।

करीब तीन किलोमीटर लंबे पैदल रूट मार्च के दौरान आरोपित को पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में चकेरी और लालबंगला क्षेत्र के कई स्थानों से गुजारा गया। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए एकत्र हो गए। कई लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर निकल आए, जबकि कुछ लोगों ने छतों से भी पूरे घटनाक्रम को देखा।

रूट मार्च के दौरान आरोपित का बदला हुआ व्यवहार भी देखने को मिला। पुलिस की मौजूदगी में उसने हाथ जोड़कर लोगों के सामने अपराध छोड़ने की बात कही। वहीं, पुलिस टीम ने उससे जुड़े विभिन्न घटनास्थलों की निशानदेही और सत्यापन की कार्रवाई भी पूरी कराई।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गौरव जैन के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 12 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के संबंध में भी जांच जारी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप