home page

खाद्य सुरक्षा टीम ने किया 100 किलो घटिया पनीर जब्त

 | 
खाद्य सुरक्षा टीम ने किया 100 किलो घटिया पनीर जब्त


जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को जगतपुरा में कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम घटिया एवं बासी पनीर जब्त किया। नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने के बाद करीब 99 किलोग्राम पनीर को बदबूदार और खराब होने के कारण मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।

सीएमएचओ (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने डीएसटी और रामनगरिया थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर जयपुर में बिक्री के लिए लाया जा रहा पनीर पकड़ा। परिवहनकर्ता अमित शर्मा ने पूछताछ में बताया कि वह अन्य जिलों में तैयार पनीर जयपुर के छोटे डेयरी संचालकों, फास्ट फूड सेंटरों और ढाबों पर सप्लाई करता है। उसने स्वीकार किया कि पनीर फुल फैट दूध के बजाय फैट निकाले गए निम्न गुणवत्ता वाले दूध से तैयार कराया जाता था और इसे 240 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचा जाता था।

खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार पनीर बिना निर्धारित तापमान के साधारण पॉलीथिन में परिवहन किया जा रहा था, जिससे वह खट्टा और बदबूदार हो चुका था। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद थारवान और नंदकिशोर कुमावत शामिल रहे। विभाग ने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश