जबलपुर: मदन महल फ्लाईओवर से गिरकर युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
जबलपुर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार दोपहर बाद शहर के मदन महल थाना क्षेत्र में स्थित फ्लाईओवर से गिरकर एक अज्ञात युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक फ्लाईओवर के ऊपर से नीचे गिरा था। गंभीर हालत में उसे तत्काल उपचार के लिए एमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मृतक की जेब से एक वाहन की चाबी बरामद हुई है। पुलिस आसपास खड़ी गाड़ियों में उस चाबी का मिलान कर रही है, जिससे युवक के बारे में कोई सुराग मिल सके।
घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने आत्महत्या की या वह किसी हादसे का शिकार हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

