तालाब में उतराता मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
बहराइच, 09 मई (हि.स.)। हरदी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखनापुर में एक तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीणों ने मवेशियों को चराते वक्त पानी में उतराते शव को देखकर पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी पवन कुमार व स्टेशन ऑफिसर आलोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला।
हादसे की गम्भीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किये।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंक दिया गया है। स्टेशन ऑफिसर आलोक सिंह ने बताया कि शव पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में है,जिस कारण से अभी उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस क्षेत्र में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी एकत्र कर रही है जिससे मृतक की शिनाख्त हो सके। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पायेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

