home page

जबलपुर में फ्लिपकार्ट कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला, गर्दन और जांघ पर किए ताबड़तोड़ वार

 | 
जबलपुर में फ्लिपकार्ट कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला, गर्दन और जांघ पर किए ताबड़तोड़ वार


जबलपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी में पुरानी रंजिश को लेकर फ्लिपकार्ट कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दो युवकों ने गाली-गलौज के बाद कर्मचारी की गर्दन और जांघ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फ्लिपकार्ट कंपनी में कार्यरत निखिल सोमवार देर रात सुहागी क्षेत्र में ललित आटा चक्की के पास बड़े देव मंदिर के नजदीक दुर्गा पंडाल के पास खड़ा था। इसी दौरान उसके परिचित सागर यादव और पीयूष लाला वहां पहुंचे। दोनों ने पुरानी रंजिश को लेकर निखिल से गाली-गलौज शुरू कर दी।

निखिल ने विरोध करते हुए गाली देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने चाकू निकालकर उसकी गर्दन और जांघ पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से निखिल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

निखिल की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद उसके साथी बचाने के लिए दौड़े। उन्हें अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी निखिल को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घायल निखिल को उसके साथी तत्काल अधारताल थाने लेकर पहुंचे। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। सागर यादव और पीयूष लाला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक