home page

डकैती करने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
डकैती करने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार


मथुरा, 21 मई (हि.स.)। रिफाइनरी पुलिस ने ग्राइंडर ऐप के जरिए डकैती करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई हुंडई औरा कार (RJ 14 TG 2113) लूटा गया आईफोन 15, स्मार्ट वॉच, होल्ड कराए गए 3 लाख 70 हजार रुपये और एक चाकू बरामद किया है।

थाना प्रभारी आईपीएस जयबिन्द कुमार गुप्ता के अनुसार, 21 मई 2026 को तड़के करीब 2:05 बजे मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन रोड पर रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर पहले पांचों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत पुत्र प्रेम सहाय, अभय पुत्र डालचंद, आसू पुत्र नृपेन्द्र सिंह, मोनू पुत्र माता प्रसाद और सुनील पुत्र देवेंद्र के रूप में हुई है। ये सभी राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी हैं। थाना रिफाइनरी में इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित ग्राइंडर ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे पीड़ितों को सुनसान जगहों पर बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे।

एसएसआई विक्रान्त तोमर ने बताया कि घटना 19 मई 2026 की है, जब आरोपियों ने “यश” नामक एक युवक को ग्राइंडर ऐप के माध्यम से संपर्क किया और उसे मथुरा जंक्शन बुलाया। देर रात ट्रेन से पहुंचे युवक को आरोपित अपनी कार में बैठाकर आगरा रोड की ओर ले गए। रास्ते में कार में पहले से मौजूद तीन अन्य साथियों को भी बैठा लिया गया। इसके बाद पांचों आरोपियों ने चलती कार में युवक को चाकू दिखाकर धमकाया और नकदी की मांग की। युवक के पास नकदी न होने पर आरोपियों ने उसका आईफोन 15 छीन लिया। उन्होंने पासवर्ड पूछकर उसके यूपीआई खाते से ऑनलाइन एक लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए और उसकी स्मार्ट वॉच भी लूट ली।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित युवक को रिफाइनरी क्षेत्र में हाईवे किनारे उतारकर धौलपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना रिफाइनरी में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार