24 घंटे में दूसरी बार पुलिस टीम पर अपराधियों का हमला,अवर निरीक्षक सहित 5 पुलिसकर्मी घायल
नवादा, 11 नवंबर (हि.स.)।अपराधियों और माफियाओं का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है. सरकारी कार्रवाई करने पहुंची टीमों को ही निशाना बनाया जा रहा है. मंगलवार को बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर हमला किया था, तो बुधवार को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सोधीपुर गांव में छापेमारी करने पहुंची साइबर थाना की पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. इस घटना में एसआइ रंजन कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गये. जख्मी पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पावापुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, साइबर थाना की पुलिस टीम साइबर ठगी के मामले में आरोपितों की तलाश में सोधीपुर गांव पहुंची थी. पुलिस टीम गांव में छापेमारी की कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया. अचानक हुए हमले में एसआइ रंजन कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आयीं. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल मैं दाखिल कराया गया।घटना की पुष्टि साइबर डीएसपी मो. शाहनवाज अख्तर ने की है. उन्होंने बताया कि हमले में जख्मी पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है. फिलहाल एसआइ रंजन कुमार की हालत ठीक बतायी जा रही है. हालांकि, हमले के दौरान कितने लोग शामिल थे और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है.
48 घंटे में सरकारी टीमों पर हमले की दूसरी घटना
नवादा में दो दिनों के भीतर सरकारी कार्रवाई करने पहुंची टीमों पर हमले की यह दूसरी घटना है.
मंगलवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के करणपुर बालू घाट स्थित सकरी नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया था. इस घटना में खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा, खान निरीक्षक सौरभ अभिषेक और एक होमगार्ड जवान घायल हो गये थे.
खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा को सबसे अधिक चोटें आयी थीं. अब अगले ही दिन साइबर थाना की पुलिस टीम को निशाना बनाया गया है.साइबर ठगी से लेकर अवैध बालू खनन तक के खिलाफ कार्रवाई करने वाली सरकारी टीमों पर लगातार हो रहे हमलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं. आखिर अपराधियों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के मन में कानून का भय क्यों नहीं दिख रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

