home page

सिरसा: गुरुद्वारा से चोरी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, तीन नशा तस्कर भी दबोचे

 | 
सिरसा: गुरुद्वारा से चोरी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, तीन नशा तस्कर भी दबोचे


सिरसा, 13 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिले के रानियां नामधारी गुरुद्वारा का ताला तोडक़र गुल्लक से करीब 75 हजार रुपये की नकदी चोरी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। रानियां थाना प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों ने बीती नौ मार्च की रात को घटना को अंजाम दिया था। नामधारी गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान रघुबीर सिंह ने चोरी की शिकायत पुलिस को दर्ज करवाई। रघुबीर सिंह ने बताया कि गुरूद्वारा के ग्रंथी हिम्मत सिंह गुरुद्वारा के मुख्य गेट पर ताला लगाकर घर चले गए। रात को ताला तोडक़र गुल्लक से नगदी चुरा ली गई। पुलिस ने जांच करते हुए सुखबीर सिंह व कर्ण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों सगे भाई हैं और नशे के आदी है, नशे की पूर्ति के लिए ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा 75 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है।

उधर, पुलिस ने डबवाली शहर के शिव नगर क्षेत्र से एक युवक को नशीली प्रतिबंधित गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए प्रभारी राजपाल ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान महेंद्र के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान शिवनगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पीरखाना दीवार के पास एक युवक खड़ा दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा और उसने चलते-चलते कुछ गोलियों के पत्ते जेब से निकालकर फेंक दिए। पुलिस ने युवक को दबोच लिया और फेंके गए गोलियों को कब्जे में लिया तो वे प्रतिबंधित थी। पुलिस ने मौके से 12 पत्ते बरामद किए। पुलिस ने बरामद की गई गोलियों को ड्रग विभाग को सौंप दिया है।

इसके अलावा पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान सिरसा जिले के रोड़ी क्षेत्र से कार सवार दो लोगों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने आरोपी की पहचान हरमेश व अजय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान सुरतिया रोड नहर पुल से रोड़ी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान नहर पुल के पास सामने से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने कार को वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार का पीछे करते हुए उसे रोका और कार की तलाशी ली तो उसमें से 6 ग्राम 88 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रोड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma