कांकेर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्राें के पांच घटनाओं में पांच लोगों की हुई मौत
कांकेर, 02 जून (हि.स.)। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्राें के पांच घटनाओं जिसमें आत्महत्या और दुर्घटना के मामले में आज मंगलवार काे पांच लोगों की मौत हो चुकी है। पहली घटना कांकेर शहर के गौठान में 45 वर्षीय एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या है या कोई अन्य कारण। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दूसरी घटना में कोड़ेकुर्से थाना क्षेत्र के ग्राम पोटनार में जितेंद्र धनेलिया ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। ससुराल जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
तीसरी घटना में सिकसोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम परोड़ी में महगुराम उइके की मौत हुई। वह अपने दोस्तों के साथ नल कूप में नहाने गए थे। अचानक गिरने से उन्हें चोट लगी और उनकी जान चली गई।
चाैथी घटना में आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोतहुड में अनिल नामक 21 वर्षीय युवक की मौत हुई। वह एक सूखे सरई के पेड़ को काट रहा था, तभी डगाल टूटने से वह जमीन पर गिर गया और उसकी माैत हाे गई।
पांचवीं घटना में अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खसगांव में पांचो नरेटी ने आत्महत्या कर ली। 22 वर्षीय पांचो ने अज्ञात कारणों से अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने इन सभी मामलों में भी शवों का पोस्टमार्टम करवाया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस इन घटनाओं के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

