आईएमईआई नंबर के सुराग से पांच मोबाइल बरामद, एक गिरफ्तार
कूचबिहार, 29 नवंबर (हि. स.)। लगातार तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले की जांच में साहिबगंज थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक मोबाइल दुकान से चोरी हुए पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद करने के साथ ही पुलिस ने शुभंकर रॉय नामक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 21 नवंबर को लगातार तीन दुकानों के ताले तोड़ने की शिकायत सामने आई थी। इनमें साहिबगंज की एक मोबाइल दुकान से पांच मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। इस संबंध में दुकान के मालिक अबुल हुसैन की शिकायत के आधार पर साहिबगंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
साहिबगंज थाने के ओसी धीमान काजी रविवार को बताया कि एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। जांचकर्ताओं ने चोरी हुए मोबाइल फोनों के आईएमईआई नंबर के आधार पर तफ्तीश आगे बढ़ाई। जांच के सुराग के जरिए पुलिस को बुड़िरहाट-1 नंबर ग्राम पंचायत के कुकुरकचुआ इलाके के निवासी शुभंकर रॉय का पता चला।
विशेष जांच दल के सदस्य उसके घर पहुंचे और पहले उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसके पास से चोरी हुए पांचों एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद शनिवार देर रात साहिबगंज थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।आरोपित युवक को रविवार सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

