एनएच-19 पर लूटपाट व रंगदारी मांगने वाले गिरोह के पांच फर्जी पुलिस गिरफ्तार
रोहतास , 27 सितंबर (हि.स )। रोहतास जिले के शिवसागर थाना की पुलिस ने
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुलिस वर्दी में बड़े वाहन चालकों से लूटपाट और रंगदारी मांगने वाले गिरोह के पांच अपराधिओं को आज गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पुलिस की वर्दी,दो देशी कट्टे, जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक एर्टिगा कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बरामद कार पर पटना का फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगाया गया था। वाहन के अंदर उत्तर प्रदेश का एक अन्य रजिस्ट्रेशन नंबर भी मिला है।
एसपी राज ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-19 पर मलवार के समीप कुछ संदिग्ध लोग किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी एर्टिगा कार को भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य एनएच-19 पर किन-किन स्थानों पर वाहन चालकों को निशाना बनाते थे और अब तक कितनी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी भी जुटा रही है।
उन्होंने बताया कि आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एनएच-19 और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

