home page

एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर 5 लाख रुपये की अवैध भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली नागरिक को किया गिरफ्तार

 | 
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर 5 लाख रुपये की अवैध भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली नागरिक को किया गिरफ्तार


अररिया 02 सितम्बर(हि.स.)।

सशस्त्र सीमा बल की 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लाई जा रही पांच लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान एक नेपाली नागरिक को भी एसएसबी ने गिरफ्तार किया है।

बीसीपी गेट जोगबनी सीमा स्तंभ संख्या 180 के पास, भारतीय सीमा के अंदर लगभग 05 मीटर की दूरी पर तैनात बीआईटी ड्यूटी के जवानों को इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर प्राप्त सूचना के तहत यह कार्रवाई की गई।नेपाल की ओर से भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा लेकर भारत में प्रवेश करने पर सूचना के आधार पर तत्परता दिखाते हुए ड्यूटी पर तैनात जवानों ने नियमित जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के हुलिया के मिलान होने पर उसे पकड़ा।जब युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से पांच लाख रूपये भारतीय मुद्रा बरामद हुए,जिसके बारे में आधिकारिक रूप से युवक किसी तरह की जानकारी नहीं दे पाया।जानकारी बुधवार को एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने दी।गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोरंग नेपाल के विराटनगर के वार्ड संख्या छह निवासी 29 वर्षीय जुबेर आलम पिता मनोवर आलम के रूप में की गई है।

एसएसबी के अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बतौर कैरीयर काम कर रहा था और यह राशि बिराटनगर स्थित बिराटनगर नर्सिंग हॉस्पिटल के पास से लेकर जोगबनी स्थित कलकत्ता क्लॉथ स्टोर को पहुंचाने जा रहा था।

जब्त की गई राशि तथा गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय फारबिसगंज के सुपुर्द कर दिया गया ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर