मेला देखने जा रहे परिवार पर हमला,लूटपाट व चाकूबाजी में पांच
नवादा, 21 अक्टूबर (हि.स.)।
जिले के रजौली थाना क्षेत्र के बहादुरपुर से परिवार के साथ बुधवार को मेला देखने अकबरपुर जा रहे ग्रामीणों के साथ मुरहेना बाजार के पास मारपीट,लूटपाट और चाकू से हमला किया गया।जिसमे पांच लोग घायल हो गए।
घायलों में पवन कुमार,गया यादव, सौरभ कुमार,प्रतिमा कुमारी और पूनम कुमारी शामिल हैं।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बहादुरपुर निवासी ग्रामीण स्कॉर्पियो से अपने परिवार के साथ मेला देखने अकबरपुर जा रहे थे।
इसी दौरान मुरैना बाजार के पास बाइक सवार सात से आठ लोगों ने स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर रोक लिया।आरोप है कि वाहन रुकते ही उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
इस दौरान हमलावरों ने कथित तौर पर पांच हजार रुपये नकद,दो मोबाइल फोन और दो मंगलसूत्र छीन लिए।मारपीट के दौरान चाकू से भी हमला किया गया।हमले में पवन कुमार की गर्दन पर चाकू लगने से घायल हो गया। स्कॉर्पियो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के बाद पीड़ितों ने डायल 112 की पुलिस टीम को सूचना दी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस को आता देख अपराधी मौके से फरार हो गए।इसके बाद सभी घायलों को रजौली अस्पताल रजौली में लाया गया।जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. गुलाम सरवर ने उनका इलाज किया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है।मामले में आरोपितों की पहचान घटना के कारण और पुलिस की आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार है।रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के मामले की बारीकी से जांच पड़ताल किया जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

