home page

मनचलों पर लगाम कसने सादी वर्दी में उतरी महिला पुलिसकर्मी, डिकॉय ऑपरेशन में पकड़े 5 मनचले

 | 
मनचलों पर लगाम कसने सादी वर्दी में उतरी महिला पुलिसकर्मी, डिकॉय ऑपरेशन में पकड़े 5 मनचले


चित्तौड़गढ़, 15 मई (हि.स.)। महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने शहर और निम्बाहेड़ा में डिकॉय ऑपरेशन चला कर महिलाओं व छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां और फब्तियां कसने वाले 5 मनचलों को गिरफ्तार किया है। सादा वर्दी में तैनात महिला पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपिताें को शांति भंग में गिरफ्तार किया है।

चितौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि डीजीपी राजस्थान के निर्देश पर महिला सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों व कॉलेजों के आस-पास डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। एएसपी मुकुल शर्मा व डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में सदर चित्तौड़गढ़, महिला थाना, कोतवाली चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा व कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की संयुक्त टीम गठित की गई। सादा वर्दी में महिला पुलिस टीमों ने चित्तौड़गढ़ शहर व निम्बाहेड़ा कस्बे में भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन, स्कूल, कॉलेजों और पार्कों के पास निगरानी की। रास्ते में आने-जाने वाली महिलाओं व बालिकाओं पर अश्लील इशारे कर फब्तियां कसने वाले मनचलों को मौके पर ही पकड़ा गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपित गुस्से में आकर पुलिस जाब्ते से उलझने लगे और लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो गए। इस पर पांचों को धारा 126-170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शहर में सेगवा हाउसिंग बोर्ड निवासी अमित पुत्र प्रेम देसाई, चिकारड़ा हाल पड़नपोल निवासी नरेन्द्र पुत्र कालुराम तेली, निंबाहेड़ा कच्ची बस्ती निवासी शाहरूख पुत्र शहनवाज, इशाकाबाद निवासी अकील पुत्र चांद मोहम्मद तथा कच्ची बस्ती निवासी अजय पुत्र श्रीचन्द्र मराठा को गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम ने महिलाओं को आपात स्थिति में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने और महिला हेल्पलाइन 1090 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। एसपी ने कहा कि आगे भी महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल