मालदा में तीन अवैध हथियार के साथ पांच गिरफ्तार
मालदा, 25 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव 2026 से पहले जिले के सामसी इलाके में चांचल थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार सीमा से सटे नरकटिया इलाके में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन अवैध हथियारों के साथ पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
मालदा के पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने बुधवार को पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपितों के पास से दो पाइपगन और एक सात एमएम पिस्टल बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपितों में मोहम्मद रियाजुल और गणेश महालदार समेत सभी पांच लोग बिहार के निवासी बताए जा रहे है।
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
तृणमूल ने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार से अपराधियों को लाकर चुनाव के बाद हिंसा और बूथ कब्जाने की साजिश रच रही है।
भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि तृणमूल वोटरों को प्रभावित करने के लिए डर का माहौल बना रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

