home page

बैंक के अंदर वृद्ध की जेब से 50 हजार रुपये चोरी करने के मामले में तीन महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

 | 

जौनपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र के कबूलपुर बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नेहरूनगर शाखा में वृद्ध की जेब से 50 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपितों के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया।

क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी ने बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के नीलकंठपुर गांव निवासी तेजबहादुर चौहान गुरुवार को बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर अपनी जेब में रख रहे थे। इसके बाद वह पासबुक प्रिंट कराने लगे। इसी दौरान गिरोह की दो महिलाओं ने उनका ध्यान भटकाकर जेब से रुपये चोरी कर लिए। गिरोह के अन्य सदस्य बैंक के बाहर बाइक से रेकी कर रहे थे।

सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में रामगंज अमेठी निवासी निर्जला, भदोही के ज्ञानपुर निवासी रीता, वाराणसी के मेघियापार निवासी सुनील कुमार और उसकी पत्नी संगीता तथा भदोही के मरचवारे निवासी जितेंद्र कुमार शामिल हैं। घटना के बाद सभी आरोपित अलग-अलग ऑटो से वाराणसी स्थित सुनील के घर सिंधोरा चले गए थे।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सुनील कुमार गिरोह के सदस्यों के आने-जाने और घटनाओं को अंजाम देने की व्यवस्था करता था। वह उन्हें शहर के नजदीक छोड़ देता था, जहां से वे ई-रिक्शा आदि के माध्यम से बैंक, मेले और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचते थे। वहां वृद्ध पुरुषों और महिलाओं को निशाना बनाकर उनका ध्यान भटकाते हुए रुपये, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।

आरोपित ऑटो में सफर करने वाले यात्रियों और राहगीर महिलाओं को भी निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते थे। इनके माध्यम से बैंक में फर्जी खाते भी खुलवाए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने जौनपुर, वाराणसी और आसपास के जनपदों में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अन्य घटनाओं के संबंध में जांच कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपितों का चालान न्यायालय भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव