home page

फ्लिपकार्ट के सामान की अदला-बदली कर ठगी करने वाले पांच गिरफ्तार

 | 
फ्लिपकार्ट के सामान की अदला-बदली कर ठगी करने वाले पांच गिरफ्तार


डेहरी आन सोन 14 जून ( हि.स.) । रोहतास जिले में डेहरी नगर थाना पुलिस ने फ्लिपकार्ट के सामान की अदला-बदली कर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से कार, कैमरा, लैपटॉप, मोबाइल समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।

एएसपी अतुलेश झा ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि 13 जून की शाम करीब 8:30 बजे डेहरी और सासाराम की फ्लिपकार्ट टीम तीन संदिग्ध व्यक्तियों को कुछ पार्सलयुक्त सामान के साथ डेहरी नगर थाना लेकर पहुंची। इनमें दो व्यक्ति फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे, जबकि तीसरा व्यक्ति प्राप्त सामान की डुप्लीकेट वस्तुएं तैयार करने का काम करता था।

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर तीनों ने खुलासा किया कि गिरोह का संचालन समस्तीपुर जिले के रहने वाले सत्यकाम उर्फ किशु और अमर राजा द्वारा किया जा रहा था। दोनों ने उन्हें 40 हजार रुपये प्रतिमाह का लालच देकर इस अवैध धंधे में शामिल किया था। आरोपितों ने बताया कि महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की डिलीवरी के दौरान असली सामान निकालकर उसकी जगह नकली अथवा कम मूल्य की वस्तुएं रख दी जाती थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की मदद से वाहन संख्या बीआर 09 एएस 7551 की पहचान की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में उक्त वाहन को रोककर उसमें सवार अमर राजा और सत्यकाम चौधरी को हिरासत में लिया गया तथा डेहरी थाना लाया गया।

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सोनी कैमरा, दो लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, एप्पल कंपनी के हेडफोन, बॉडी कैमरा, स्मार्ट वॉच, गो-प्रो कैमरा, ईयरबड्स, चार्जर केबल, प्लास्टिक सीलिंग मशीन सहित अन्य सामान बरामद किए। साथ ही दो हार्ड एयर गन भी जब्त की गईं।

गिरफ्तार आरोपित

में सत्यकाम उर्फ किशु, अमर राजा, चंदन कुमार, प्रदीप कुमार प्रिंस तथा हर्षल कुमार शामिल हैं। सभी समस्तीपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपितों के पास से एक कार, सात मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक सोनी कैमरा, तीन एप्पल हेडफोन, 15 बॉडी कैमरा, पांच ईयरबड्स, छह स्मार्ट वॉच, तीन गो-प्रो कैमरा, 14 मोबाइल चार्जर एवं डेटा केबल, दो हार्ड एयर गन, प्लास्टिक सीलिंग मशीन और सीलिंग रोल बरामद किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा