बंगाल के सराफा व्यवसायी से लूटकांड का उद्भेदन, पांच अपराधी गिरफ्तार
दरभंगा, 10 नवंबर (हि.स.)।
जिले के सिंहवाड़ा अंतर्गत शोभन-एकमी बाईपास स्थित एम्स के समीप बंगाल के सराफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 62 किलो 195 ग्राम चांदी, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, पांच एंड्रायड मोबाइल और दो कार बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद निवासी छोटू कुमार यादव (34), विशाल महासेठ उर्फ विक्की (35), धीरज सोनी, कुसुम रेस्टोरेंट के मालिक संतोष कुमार साह (63) और तेजस अभिषेक चंद्र (23) शामिल हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपित छोटू कुमार यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर निक्की साह के घर से बैग एवं बोरों में रखे चांदी के कुल 56 बड़े पीस बरामद किए गए, जिनका वजन 62 किलो 195 ग्राम बताया गया है।
वहीं, विशाल महासेठ उर्फ विक्की और धीरज सोनी को सिमरी थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर पटना से दरभंगा आने के दौरान कार से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कादिराबाद स्थित कुसुम रेस्टोरेंट के मालिक संतोष कुमार साह को होटल से तथा उनके दोस्त तेजस अभिषेक चंद्र को होटल के बगल से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने स्विफ्ट कार (BR07AP 2202) और टिगोर कार (BR07AY 9293) भी जब्त की हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देश पर लूटकांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। सदर एसडीपीओ-2 सुवेन्द्र कुमार सुमन के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर कार्रवाई की। टीम में पुलिस निरीक्षक सुधीर कुमार, मनोज कुमार, अरविंद कुमार, डीआइयू प्रभारी अमृत लाल साह, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

