home page

धर्मांतरण के दबाव का विरोध करने पर परिवार से मारपीट, पांच गिरफ्तार

 | 
धर्मांतरण के दबाव का विरोध करने पर परिवार से मारपीट, पांच गिरफ्तार


कानपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। गुजैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को धर्मांतरण के कथित दबाव का विरोध करने और घर में बनाई गई मजार हटाने की बात कहने पर ई-रिक्शा चालक सोनू जाटव और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

रामगोपाल चौराहा के पास वरुण विहार की कच्ची बस्ती में हुई घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। भाजपा, हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल समेत कई संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया था। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस ने आज कार्रवाई करते हुए बस्ती निवासी शीबू, मो. समीम, आमिर खान उर्फ पूतन, अरमान और अरसलान को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोपों को भी शामिल किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपों की पड़ताल के बाद मुकदमे में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं बढ़ाई गई हैं।

जांच के दौरान बस्ती में जमीन पर कब्जे और झोपड़ियां बनाकर किराए पर देने के आरोप भी सामने आए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि करीब सात-आठ वर्ष पहले हाईटेंशन लाइन के नीचे नगर निगम की ग्रीन बेल्ट में झोपड़ियां बनाई गई थीं। आरोप है कि इन्हें किराए पर देने के बाद कुछ लोगों पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने वालों से झोपड़ियां खाली कराने का भी आरोप है।

पुलिस के मुताबिक बाद में आरोपी के परिचित और रिश्तेदारों के परिवार वहां रहने लगे। वर्तमान में करीब 25 परिवारों के वहां रहने की जानकारी मिली है। इन तथ्यों की जांच के साथ स्थानीय खुफिया इकाई भी बस्ती में रहने वाले लोगों और उनके आपसी संबंधों की जानकारी जुटा रही है। वहीं, मामले में अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बस्ती में दोबारा विवाद की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है। धर्मांतरण के दबाव, जमीन पर कब्जे और मारपीट से संबंधित आरोपों की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप