डकैती की साजिश नाकाम, पांच आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। चकेरी पुलिस ने बड़ी डकैती की वारदात होने से पहले शनिवार को पांच शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी साजिश नाकाम कर दी हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो कारतूस, नकबजनी के उपकरण, एक पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश शताब्दी रोड पर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्यामनगर चौकी क्षेत्र में डी-ब्लॉक स्थित पानी की टंकी के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपित भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने पांचों को मौके से दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जीत, राजेंद्र कुमार उर्फ पप्पू, शाहनवाज, कल्लू उर्फ जुनून और सोनू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार, नकबजनी के उपकरण और अन्य सामान बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे इसी पिकअप वाहन का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में करते थे। उन्होंने श्यामनगर, महाराजपुर और साढ़ थाना क्षेत्रों में भैंस चोरी की कई वारदातों काे अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि बरामद पिकअप वाहन को सीज कर दिया गया है। आरोपितों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता तथा चोरी के पशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

