home page

सुने मकान से 10 लाख के जेवरात चोरी के पांच आराेपित गिरफ्तार

 | 
सुने मकान से 10 लाख के जेवरात चोरी के पांच आराेपित गिरफ्तार


जगदलपुर, 24 जून (हि.स.)। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक सूने मकान में चोरी हुई थी। चोरों ने सोने-चांदी के आभूषणों सहित करीब 10 लाख रुपये का सामान चुरा लिया गया था। पुलिस ने इस चाेरी के मामले में आज बुधवार काे पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों में कृष्णा सेट्ठी -उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12 शिव मंदिर के पास गीदम जिला दंतेवाड़ा, अविनाश स्वामी- उम्र 26 वर्ष, निवासी बस स्टेण्ड वार्ड नंबर 05 भट्ठी पारा दंतेवाड़ा, रूद्रांचल ठाकुर -उम्र 29 वर्ष ,निवासी तारागांव खास पारा थाना लोहण्डीगुड़ा जिला बस्तर,अजय व्यापारी निवासी हाउरनार हाई स्कूल मैदान के पास गीदम जिला दंतेवाड़ा, एवं संतोष सोनी पिता -उम्र 43 वर्ष जाति सोनार निवासी मिनी माता वार्ड 06 गीदम पीडब्ल्यू पारा जिला दंतेवाडा शामिल हैं

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भगवती सरकार एवं उसके पति सदानंद सरकार उम्र 32 वर्ष निवासी तारागांव जिला बस्तर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 जून की रात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़ दिया था। घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हो गए थे। लोहंडीगुड़ा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। निरीक्षक रवि बेगा और थाना प्रभारी मो. तारिक़ के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना पर काम किया। संदेही रुद्रांचल ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी कृष्णा शेट्टी और अविनाश स्वामी के साथ चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपितों ने बताया कि उन्होंने चुराए गए सोने-चांदी के आभूषण अपने परिचित अजय व्यापारी को दिए थे। अजय व्यापारी ने इन आभूषणों को गीदम निवासी सोनार संतोष सोनी को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। गलाए हुए सोने के डल्ले भी मिले, जिनकी कीमत 11लाख 19 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही 5 हजार रुपये नकदी और बिना नंबर की एक पल्सर मोटर भी जब्त की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे